जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर ने स्वयं जन समाधान कार्यक्रम में 15 मामलों की सुनवाई
बिहार - जिलाधिकारी, खगड़िया विक्रम विरकर ने आज समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जन समाधान कार्यक्रम में स्वयं आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आज आयोजित जन समाधान कार्यक्रम में कुल 15 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें पथ निर्माण प्रमंडल, खगड़िया; जिला आपूर्ति पदाधिकारी; कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग; जिला अवर निबंधक, खगड़िया; अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी; अंचलाधिकारी, खगड़िया; अंचलाधिकारी, अलौली एवं अंचलाधिकारी, गोगरी से संबंधित मामले शामिल थे। जिलाधिकारी ने सभी मामलों की विस्तृत सुनवाई करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन मामलों में स्थलीय जांच आवश्यक है, उनमें शीघ्र जांच कराकर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदक को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई एवं उसके परिणाम की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। जन शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता बनाए रखना सभी संबंधित पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से आयोजित जन समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन एवं आमजन के बीच संवाद एवं विश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
रिपोर्टर - उमर खान
No Previous Comments found.