जैन मंदिर के सामने सड़क की बदहाली पर भाजपा किसान मोर्चा का आक्रामक रुख

देऊळगाव राजा : देऊळगाव राजा शहर में पीपल्स को-ऑपरेटिव्ह बैंक के सामने जैन मंदिर जाने वाले मार्ग की अत्यंत खराब स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला सचिव, बुलढाणा ने नगराध्यक्ष माधुरी शिंपणे को ज्ञापन सौंपते हुए उक्त सड़क का तत्काल कंक्रीटीकरण कराने की जोरदार मांग की है। इस ज्ञापन के बाद शहर में लंबे समय से लंबित सड़क मरम्मत के मुद्दे को एक बार फिर आवाज मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीपल्स को-ऑपरेटिव्ह बैंक के सामने स्थित जैन मंदिर मार्ग को कुछ दिनों पूर्व पाइपलाइन डालने के लिए खोदा गया था। संबंधित कार्य पूर्ण होने के बाद नगर परिषद की ओर से खोदे गए हिस्से को केवल पत्थर और मिट्टी डालकर भर दिया गया। लेकिन वहां सीमेंट कंक्रीटीकरण नहीं किए जाने से सड़क की हालत और अधिक खराब हो गई है।
वर्तमान में इस स्थान पर बड़े-बड़े नुकीले पत्थर बाहर निकल आए हैं, जिससे नागरिकों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से इस मार्ग पर जैन मंदिर होने के कारण जैन समाज के श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन के लिए मंदिर आते हैं। धार्मिक परंपरा के अनुसार कई श्रद्धालु नंगे पैर मंदिर में प्रवेश करते हैं। ऐसी स्थिति में सड़क पर पड़े नुकीले पत्थरों से उनके पैरों में चोट लग रही है तथा कई लोगों के ठोकर लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
इस कारण जैन समाज की धार्मिक भावनाएं आहत होने का मुद्दा भी ज्ञापन में उठाया गया है। विशेष बात यह है कि आगामी चातुर्मास काल में जैन धर्मगुरुओं का शहर में आगमन होने वाला है और उन्हें भी इसी मार्ग से मंदिर जाना पड़ेगा। इससे यह समस्या और गंभीर बन गई है।भाजपा किसान मोर्चा की ओर से नगराध्यक्ष को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि सड़क पर बंद की गई नाली के हिस्से का तत्काल सीमेंट कंक्रीटीकरण कर मार्ग को सुस्थित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके साथ ही शहर में नई नल योजना के कार्यों के बाद कई स्थानों पर सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं, जिससे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे नागरिकों को रोज दुर्घटना का खतरा बना हुआ है और यातायात भी प्रभावित हो रहा है। नगराध्यक्ष से पूरे शहर की खराब सड़कों, गड्ढों और लंबित कार्यों को तत्काल मंजूरी देकर मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग भी की गई है।ज्ञापन सौंपते समय शैलेश मल्लावत, अमोल जिंतूरकर, अभिजीत वाटाणे, रविंद्र खडकपूरकर, उदय गिरणीवाले, सुकुमार खवडे, श्रेयांश खवडे, निशिकांत जिंतूरकर आदि उपस्थित थे। अब शहरवासियों की नजर नगर परिषद की आगामी भूमिका पर टिकी हुई है।

 रिपोर्टर : राजेश पंडित

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.