तालाब में तैरता मिला संतोष अग्रवाल का शव, बाइक से हुई पहचान; चंदवा पुलिस जांच में जुटी

चंदवा। चंदवा प्रखंड के चिरो-गरदाग गांव स्थित तालाब में बुधवार को एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान संतोष कुमार अग्रवाल, पिता राजेंद्र अग्रवाल, निवासी बुध बाजार, चंदवा के रूप में हुई है। बताया गया कि तालाब के किनारे एक लाल रंग की ग्लैमर बाइक खड़ी मिली, जिसका पंजीकरण संख्या JH19E7473 है। इसी बाइक के आधार पर मृतक की पहचान संतोष कुमार अग्रवाल के रूप में की गई। परिजनों के अनुसार संतोष कुमार सोमवार दोपहर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटे। परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच तालाब में शव मिलने की सूचना मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। लोगों के बीच सवाल है कि आखिर संतोष कुमार तालाब तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। चंदवा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलने की उम्मीद है।

रिपोर्टर - बब्लू खान 

 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.