परीक्षाओं में उत्कृष्टता प्रदर्शन, पीएम. श्री. उत्क्रमित उच्च विद्यालय लावालौंग ने रचा इतिहास
लावालौंग : पीएम. श्री. उत्क्रमित उच्च विद्यालय इस वर्ष आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में अभूतपूर्व सफलता हासिल कर पूरे प्रखंड में अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता का परचम लहराया है। कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के इतिहास में अब तक का सर्वश्रेष्ठ परीक्षा परिणाम दिया है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। विद्यालय के कक्षा 8वीं के परिणाम में कुल 87 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 80 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। इस प्रकार विद्यालय का पासिंग प्रतिशत 92 प्रतिशत रहा। वहीं कक्षा 9वीं में कुल 328 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 324 विद्यार्थी सफल हुए तथा विद्यालय का परिणाम 98.5 प्रतिशत रहा। कक्षा 10वीं के परिणाम में विद्यालय ने विशेष उपलब्धि हासिल की। कुल 294 परीक्षार्थियों में से 274 विद्यार्थी सफल हुए तथा पासिंग प्रतिशत 93.19 प्रतिशत दर्ज किया गया। इनमें 116 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी तथा 158 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की। विद्यालय की छात्रा निशा भारती ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं सुप्रिया रानी ने 472 अंक प्राप्त कर विद्यालय में दूसरा तथा सोनू कुमार ने 462 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।
कक्षा 11वीं कला संकाय में कुल 221 विद्यार्थियों का नामांकन था, जिनमें 219 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। दो विद्यार्थी अनुपस्थित रहे जबकि 9 विद्यार्थियों को मार्जिनल घोषित किया गया। कुल 210 विद्यार्थी सफल हुए और परिणाम 95 प्रतिशत रहा। वहीं विज्ञान संकाय में कुल 40 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और सभी 40 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। विज्ञान संकाय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
कक्षा 12वीं कला संकाय में कुल 175 विद्यार्थियों में से 170 विद्यार्थी सफल हुए तथा विद्यालय का परिणाम 97.14 प्रतिशत रहा। इनमें 60 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी तथा 108 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की। इस संकाय में कालेश्वर कुमार गंझू ने 402 अंक प्राप्त कर प्रखंड टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया।
वहीं कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय में कुल 18 परीक्षार्थी शामिल हुए और सभी 18 विद्यार्थी सफल रहे। विज्ञान संकाय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इस संकाय में तनीषा कुमारी ने 405 अंक प्राप्त कर प्रखंड टॉपर बनने का गौरव हासिल किया।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अशोक कुमार पासवान ने इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों की मेहनत, समर्पण, अनुशासन एवं विद्यार्थियों की निरंतर लगन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला, विज्ञान प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। विद्यालय की इस शानदार सफलता से पूरे प्रखंड में खुशी की लहर है। शिक्षकों में हर्ष का माहौल है जबकि विद्यार्थियों में नया उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिल रहा है। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प लिया है।
रिपोर्टर : मो0 साजिद

No Previous Comments found.