चतरा में जिला स्थापना दिवस पर झारखंड आंदोलनकारियों का सम्मान,

चतरा : चतरा जिला स्थापना दिवस के अवसर पर झारखंड राज्य गठन आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान में आज जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल, चतरा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विभाग से प्राप्त निर्देश के आलोक में आयोजित इस कार्यक्रम में चतरा सांसद श्री कालीचरण सिंह, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी, जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त  रवि आनंद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा भगवान बिरसा मुंडा एवं झारखंड आंदोलन के महानायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर झारखंड आंदोलनकारियों को शॉल, मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कई आंदोलनकारियों ने झारखंड राज्य गठन आंदोलन में अपने योगदान एवं अनुभवों को साझा करते हुए आंदोलन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उपस्थित लोगों ने झारखंड आंदोलन के इतिहास, संघर्ष एवं उपलब्धियों को स्मरण किया। जिला स्तर पर कुल 122 तथा प्रखंड स्तर पर कुल 729 राज्य सरकार द्वारा अधिसूचित झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। इस प्रकार जिले में कुल 851 झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान प्रदान कर उनके योगदान को स्मरण किया गया। उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि चतरा जिला का गठन 29 मई 1991 को हजारीबाग जिले से पृथक कर किया गया था। उन्होंने कहा कि जिला स्थापना दिवस जिले की विकास यात्रा, उपलब्धियों एवं जनभागीदारी के संकल्प को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के गठन के लिए आंदोलनकारियों द्वारा किए गए संघर्ष, त्याग एवं समर्पण को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा। राज्य निर्माण की इस ऐतिहासिक प्रक्रिया में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने झारखंड आंदोलन के महानायक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान का उल्लेख करते हुए झारखंड आंदोलन में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। सांसद  कालीचरण सिंह ने अपने संबोधन में झारखंड आंदोलनकारियों के संघर्ष एवं योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। वहीं माननीय विधायक श्री जनार्दन पासवान ने भी आंदोलनकारियों के त्याग एवं समर्पण को झारखंड राज्य के इतिहास की अमूल्य धरोहर बताते हुए उन्हें सम्मानित किए जाने की पहल की सराहना की। उक्त अवसर पर पुलिस अधीक्षक  अनिमेष नैथानी, अपर समाहर्ता  अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा  जहूर आलम सहित अन्य पदाधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में झारखंड आंदोलनकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : लक्क़ी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.