बगरा-लमटा के बीच वाहन जांच में पकड़ा गया आयशर ट्रक, 1.60 करोड़ रुपये का डोडा बरामद
लावालौंग : मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लावालौंग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,050 किलोग्राम डोडा बरामद किया है। पुलिस ने डोडा को प्लास्टिक के कैरेट के नीचे छिपाकर ले जा रहे आयशर ट्रक संख्या पीबी-10जेए-1077 को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद डोडा की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि रांची की ओर से बालूमाथ और बगरा होते हुए भारी मात्रा में डोडा बिहार के रास्ते पंजाब ले जाया जा रहा है। सूचना पर एसडीपीओ सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने बगरा-लमटा के बीच वाहन जांच शुरू की। संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी लेने पर प्लास्टिक कैरेट के नीचे छिपाकर रखे 85 बोरे डोडा बरामद हुए, जिसका कुल वजन 1,050 किलो पाया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह (35), पिता सतपाल सिंह, ग्राम मंगवाल, थाना संगरोल, पंजाब के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने डोडा बुंडू-तमाड़ क्षेत्र से लाकर पंजाब ले जाने की बात बताई। पुलिस को देखकर वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। मामले में लावालौंग थाना कांड संख्या 59/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
रिपोर्टर - मो0 साजिद
No Previous Comments found.