जनभागीदारी - सबसे दूर, सबसे पहले
बलरामपुर : भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत “जन भागीदारी-सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान का आयोजन किया जाना है। जिसके अंतर्गत शासन की योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश के पीएम जनमन के 1544 ग्राम एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के 6691 ग्रामों में 18 मई से 25 मई 2026 तक अभियान का आयोजन किया जाएगा।
इसी कड़ी में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत ग्रामों में विशेष शिविर, जनसुनवाई, स्वास्थ्य परीक्षण, जागरूकता कार्यक्रम, आदिकर्मयोगी अभियान अंतर्गत आदि सेवा केन्द्रों में जनसुनवाई कार्यक्रम तथा विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं पीएम जनमन अंतर्गत चयनित समस्त ग्रामों में निवासरत पीवीटीजी हितग्राहियों एवं जनजातीय हितग्राहियों को शासन की महत्वपूर्ण फ्लैगशिप योजनाओं में शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के दौरान मैदानी भ्रमण, लाभार्थियों से संवाद, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, मोबाईल मेडिकल यूनिट के माध्यम गांव-गांव स्वास्थ्य जांच, सिकल सेल जांच, टीबी स्क्रीनिंग आदि गतिविधियां की जाएगी।
रिपोर्टर : मुकेश सिंह

No Previous Comments found.