अवैध तरीके से डीजल परिवहन पर कार्रवाई

बलरामपुर :  जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से डीजल परिवहन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 385 लीटर डीजल जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन (CG 16 CE 9790) में अवैध रूप से डीजल भरकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बसंतपुर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और जांच की।
तलाशी के दौरान वाहन में कुल 11 जरीकेन में भरा हुआ 385 लीटर डीजल बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 39,655 रुपये बताई गई है। पुलिस ने डीजल और वाहन को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ग्राम रघाई निवासी गुल्लू कोलौजिया (38 वर्ष) तथा मेढ़ारी निवासी राहुल जायसवाल (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
बसंतपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध पेट्रोलियम पदार्थ परिवहन के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।


रिपोर्टर : मुकेश सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.