संकुल केंद्र मंगारी में धूमधाम से मना शाला प्रवेश उत्सव

बतौली (सरगुजा) : विकासखंड बतौली के संकुल केंद्र मंगारी में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मिष्ठान खिलाकर और मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) के लिए थाली भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा कार्यसमिति सदस्य हरि गुप्ता, अध्यक्ष दुर्योधन पैंकरा, विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता नरेंद्र पैंकरा, ईश्वर यादव, भाजपा महिला मोर्चा की चूड़ामणि दास तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी शरद चंद्र मेषपाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ।
संकुल समन्वयक लव कुमार गुप्ता ने जिला स्तरीय अधिकारियों की मंशा के अनुरूप एक अभिनव पहल करते हुए प्राथमिक स्तर के कक्षा पहली के सभी नवप्रवेशी बच्चों को अपनी ओर से एमडीएम की थालियां प्रदान कीं। साथ ही संकुल अंतर्गत सभी प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों से कक्षा दूसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए भी थालियां उपलब्ध कराने का आह्वान किया। इस पहल को सभी विद्यालयों के प्रधान पाठकों एवं शिक्षकों ने सहर्ष स्वीकार करते हुए अपने-अपने विद्यालयों के विद्यार्थियों को थालियां वितरित कीं। अब बच्चों को मध्यान्ह भोजन के लिए घर से थाली लाने की आवश्यकता नहीं होगी।
कार्यक्रम के दौरान संकुल की ओर से माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए भी थालियों की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया। इस पर मुख्य अतिथि हरि गुप्ता ने इस पहल की सराहना करते हुए ₹21,000 की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सुशासन की सरकार में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और शिक्षकों के नवाचार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि हरि गुप्ता एवं अध्यक्ष दुर्योधन पैंकरा ने नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में नरेंद्र पैंकरा, ईश्वर यादव और चूड़ामणि दास ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज और शिक्षकों को मिलकर निरंतर प्रयास करना होगा। वहीं बीईओ शरद चंद्र मेषपाल ने इसे प्रेरणादायी पहल बताते हुए भविष्य में सभी बच्चों की आवश्यकताओं को सामूहिक सहयोग से पूरा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य विनीत कुमार पाल ने आभार व्यक्त किया। स्वागत उद्बोधन संकुल समन्वयक लव कुमार गुप्ता ने दिया तथा संचालन सुरेश कुमार साहू ने किया। कार्यक्रम में व्याख्याता, प्रधान पाठक, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : रिंकु सोनी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.