जिला स्तरीय युवा उत्सव 27 से 31 अक्टूबर तक होगा आयोजित
छत्तीसगढ़ ,मोहला : युवाओं में रचनात्मकता, सांस्कृतिक प्रतिभा और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस उत्सव में युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
युवा उत्सव का आयोजन 28 अक्टूबर 2026 समय प्रातः 11:00 बजे से स्थान मिनी स्टेडियम मोहला में एक दिवसीय कार्यक्रम के रूप में किया जाएगा। उत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं के बीच आपसी समन्वय, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना है। इसके अंतर्गत विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज और पारंपरिक वेशभूषा सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
जिला स्तरीय युवा उत्सव में प्रत्येक जिले से निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतिभागी एवं दल शामिल होंगे। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक विधा में विजेताओं के चयन के लिए न्यूनतम तीन विधा विशेषज्ञों को निर्णायक के रूप में नामांकित किया जाएगा। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिह्न एवं पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे, जबकि संगतकारों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित है। आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही जनप्रतिनिधियों, स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी।
जिला स्तरीय युवा उत्सव में चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेंगे, जिसका आयोजन 1 से 7 दिसंबर 2026 के मध्य बिलासपुर में प्रस्तावित है। इसके पश्चात राष्ट्रीय युवा उत्सव का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में किया जाएगा। इस प्रकार जिला स्तरीय युवा उत्सव जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

No Previous Comments found.