किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी: एक एकड़ में एक क्विंटल धान बेचने पर भी मिलेगा ₹13,839 का बोनस
गरियाबंद : जिले के किसानों के लिए धान बोनस को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। जिला सहकारी अध्यक्ष एवं अपेक्स बैंक रायपुर से जुड़े निरंजन सिन्हा ने गरियाबंद भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली राशि और फसल बीमा सहित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में निरंजन सिन्हा ने बताया कि पंजीकृत किसान यदि एक एकड़ के हिसाब से एक क्विंटल धान भी बेचता है, तो उसे प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से कुल ₹13,839 की राशि दी जाएगी। यानी योजना के तहत किसानों को धान विक्रय के आधार पर प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि जिले में फसलों का कलेक्टर के माध्यम से सर्वे कराया गया है, ताकि किसानों की फसल का उचित मूल्यांकन किया जा सके और पात्र किसानों को फसल बीमा का पूरा लाभ मिल सके। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर किसानों को चिन्हांकित कर प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान की भरपाई के लिए बीमा लाभ दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।
किसानों को इन योजनाओं का मिलेगा लाभ
निरंजन सिन्हा ने कहा कि सरकार किसानों के आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। इनमें प्रमुख रूप से:
* कृषक उन्नति योजना – धान उत्पादक किसानों को उचित मूल्य एवं प्रोत्साहन राशि का लाभ।
* गन्ना प्रोत्साहन राशि – गन्ना उत्पादक किसानों को समय पर प्रोत्साहन राशि का भुगतान।
* प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) – किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की पहल।
* कोदो-कुटकी एवं रागी उपार्जन – मोटे अनाजों के उत्पादन एवं खरीदी को बढ़ावा देकर छोटे किसानों की आय में वृद्धि।
उन्होंने कहा कि कोदो-कुटकी और रागी जैसे मोटे अनाजों के उपार्जन से छोटे किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी, वहीं गन्ना उत्पादकों को प्रोत्साहन राशि देकर उनकी आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
निरंजन सिन्हा ने किसानों से अपील की कि वे समय पर अपनी फसल का पंजीयन कराएं तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाएं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में धान बोनस की प्रति एकड़ राशि को लेकर दी गई जानकारी किसानों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। यदि यह लाभ पंजीकृत किसानों को निर्धारित पात्रता एवं नियमों के अनुसार मिलता है, तो इससे जिले के धान उत्पादक किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्टर : मनोज गोस्वामी

No Previous Comments found.