प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को लेकर भाजपा ने बनाई सेवा कार्यों की रूपरेखा

रघुनाथनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के तहत रघुनाथनगर मंडल में सेवा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय विधायक महोदया, मंडल प्रभारी शैलेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंडल प्रभारी शैलेश गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

वहीं माननीय विधायक महोदया ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा, जनसंपर्क एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की। विधायक महोदया के उद्बोधन से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता रामनारायण साहू, शंकर जायसवाल, चन्द्रकेत जायसवाल, किशुन प्रसाद देवांगन, कांति सिंह, नर्बदा सिंह, राजेंद्र राही सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

इसके अलावा भाजपा मंडल रघुनाथनगर के युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा एवं जनकल्याण के रूप में मनाने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर - चंद्रकांत साहू
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.