चिरमिरी पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र पंकज खटीक ने जिले में हासिल किया प्रथम स्थान
चिरमिरी : भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला प्रशासन द्वारा केल्हारी स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।
इस समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, लोककला, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास की शानदार झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह रहीं। उन्होंने जनजातीय देवगुड़ी में पूजा-अर्चना कर एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महापुरुषों के छायाचित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
वहीं इस गौरवशाली समारोह में शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज चिरमिरी के छात्र पंकज खटीक ने जिले का नाम रोशन किया।
जनजातीय गौरव प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर विधायक रेणुका सिंह ने छात्र पंकज खटीक को सम्मानित किया।
अपनी इस उपलब्धि पर छात्र पंकज खटीक ने संस्था के प्राचार्य अमित कुमार, शिक्षक नमन अग्रवाल, आदर्श मिश्रा एवं समस्त शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन की बदौलत ही उन्हें यह उपलब्धि हासिल हुई है।
कुल मिलाकर, जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन जहां जनजातीय संस्कृति और महापुरुषों के योगदान को याद करने का अवसर बना, वहीं छात्र पंकज खटीक की उपलब्धि ने जिले और शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज चिरमिरी को गौरवान्वित किया।
रिपोर्टर : मुस्ताक कुरैशी

No Previous Comments found.