कलेक्टर देवेश ध्रुव ने ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने दिए निर्देश
दंतेवाड़ा : कलेक्टर देवेश ध्रुव ने ग्रीष्मकाल के दौरान जिले में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने सहित सुधार योग्य नल जल योजनाओं को दुरुस्त किए जाने अधिकारियों को निर्देशित किया। वहीं स्थानीय जल स्रोतों का समुचित रखरखाव सुनिश्चित किए जाने कहा। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव शुक्रवार को छिंदनार, कासोली, गीदम और जावंगा में जल प्रदाय योजनाओं का निरीक्षण के दौरान उक्त निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने सहित आगामी गर्मी के मौसम के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी समयपूर्व करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ध्रुव ने निरीक्षण की शुरुआत छिंदनार से करते हुए वहां स्थित इंटेकवेल का जायजा लिया और रॉ वाटर पाइपलाइन में फ्लो मैनेजमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल प्रवाह की सटीक मॉनिटरिंग के लिए फ्लो मैनेजमेंट उपकरण स्थापित करने को कहा। साथ ही क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए विद्युत वितरण कंपनी के साथ समन्वय कर परीक्षण करने तथा आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने छिंदनार के नावघाटपारा, छोटे छिंदनार, पुजारीपारा और पटेलपारा में घर-घर नल-जल कनेक्शन देने का कार्य पंचायत के माध्यम से शीघ्र पूरा कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
अपने भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने कासोली में जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) का निरीक्षण किया। उन्होंने संयंत्र में फ्लो मैनेजमेंट उपकरण लगाने तथा परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पंप के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा पंखे एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की मरम्मत एक माह के भीतर पूर्ण करने को भी कहा। कलेक्टर ने गीदम में प्रस्तावित सम्पबेल योजना के तहत स्थल का निरीक्षण कर उक्त कार्य को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल संकट से प्रभावित ड्राई जोन क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण के लिए उपयुक्त रिचार्जिंग संरचनाओं का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। वहीं एजुकेशन सिटी जावंगा परिसर में उपलब्ध सभी जल स्रोतों का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए जल संसाधन विभाग और पीएचई के अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा आगामी वर्षा काल में परिसर के भीतर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करवाने के निर्देश वन विभाग और उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को दिए। इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा

No Previous Comments found.