शिक्षकों के समर्पण से दंतेवाड़ा जिले के विद्यार्थी छू रहे सफलता की नई ऊंचाइयां-विधायक श्री अटामी
दंतेवाड़ा : जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा स्थित पुराने ग्रंथालय में आज जिला स्तरीय शिक्षक दिवस एवं मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 शिक्षकों को शिक्षा दूत पुरस्कार तथा 03 शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा शिक्षा दूत पुरस्कार के तहत 5 हजार रुपये तथा ज्ञानदीप पुरस्कार के तहत 7 हजार रुपये के डेमो चेक, श्रीफल एवं शाल प्रदान कर शिक्षकों का सम्मान किया गया। साथ ही SHVR स्वच्छ एवं हरित विद्यालय के लिए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक चैतराम अटामी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के साथ मित्रवत व्यवहार करते हुए उन्हें पढ़ाएं, ताकि विद्यार्थी अपनी जिज्ञासाओं और समस्याओं को बिना किसी संकोच के शिक्षकों के सामने रख सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए नई तकनीकों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को विषयों को सरल एवं रोचक ढंग से समझने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस हमारे लिए गौरव का दिन है। इस अवसर पर हम देश के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों और शिक्षण मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि आज जिन शिक्षकों का सम्मान किया गया है, उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। शिक्षकों के निरंतर प्रयास, समर्पण और मार्गदर्शन से दंतेवाड़ा के विद्यार्थी अंदरूनी क्षेत्रों से निकलकर संभाग, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सम्मानित सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक इसी तरह अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करते रहें।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाने के साथ उनके सपनों को नई दिशा देते हैं। शिक्षकों के त्याग, समर्पण और निरंतर प्रयासों से दंतेवाड़ा के विद्यार्थी सफलता की नई ऊंचाइयां छू रहे हैं तथा जिले का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने सभी शिक्षकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक की भूमिका कक्षा-कक्ष से शुरू होकर विद्यार्थियों के संपूर्ण जीवन को दिशा देने तक रहती है। शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने शिक्षकों की तुलना माली से करते हुए कहा कि जिस प्रकार माली पौधे की निरंतर देखभाल कर उसे वृक्ष बनने योग्य बनाता है, उसी प्रकार शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और प्रेरणा देकर उनके जीवन को सफल बनाते हैं। पुलिस अधीक्षक सिंह ने अपने शिक्षा जीवन तथा सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी और सफलता के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने अपने जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को स्मरण करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने में शिक्षक का योगदान सदैव महत्वपूर्ण रहता है। उन्होंने सभी शिक्षकों की कर्मठता, ईमानदारी और समर्पण के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें नमन किया।
पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने साइबर फ्रॉड से बचाव के संबंध में भी शिक्षकों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी मुख्यतः दो तरीकों से की जाती है—प्रलोभन और डर के माध्यम से। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा जिले के सभी स्कूलों में साइबर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद ठाकुर ने मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण पुरस्कार के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 शिक्षकों को शिक्षा दूत पुरस्कार तथा 03 शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि जिले के उत्कृष्ट प्राचार्यों एवं व्याख्याताओं को संभाग स्तर पर भी सम्मानित किया गया है। इस दौरान श्री ठाकुर ने अपने जीवन परिचय एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों को समर्पण, नवाचार एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, नगर पालिका उपाध्यक्ष कैलाश मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य एवं जनपद पंचायत सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, डीएमसी हरीश गौतम, एपीसी राजेंद्र पांडेय, सभी विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा
No Previous Comments found.