बालक आश्रम गढ़मिरी सहित पोटाली में चल रहे विकास कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
दंतेवाड़ा : कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव द्वारा आज विकासखंड कुआकोंडा के ग्राम गढ़मिरी सहित पोटाली ग्राम पहुंचकर इन ग्रामों में शिक्षा, स्वास्थ्य, एनआरएलएम गतिविधियों, बीवीजी राम जी, के कार्यो का सघन जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सहज संवाद कर उनके कार्यो को न केवल सराहा साथ ही भविष्य की संभावना के विषयों में भी ग्रामीणों को आपसी चर्चा कर भागीदारी बढ़ाने को भी आग्रह किया। इस क्रम में कलेक्टर ने सर्वप्रथम बालक आश्रम गढ़मिरी आवासीय संस्था का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रहकर अध्ययन कर रहे बच्चों से आत्मीयता से संवाद करते हुए शिक्षा, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं दैनिक दिनचर्या से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मौके पर कलेक्टर ने कक्षा 2वीं, 3वीं एवं 4वीं के बच्चों से उनका नाम पूछने के साथ-साथ यह जाना कि उनके पढ़ाई का स्तर कैसा है। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। साथ ही बच्चों से पूछा कि उन्हें पढ़ाई में मन लगता है या नहीं और पढ़ाई के दौरान किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं होती। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपनी जिज्ञासाओं को शिक्षकों के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से नाश्ते एवं भोजन की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के सुबह नाश्ते के साथ-साथ दोपहर और रात्रि के भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी बच्चों के विचार जाने। इस दौरान बच्चों ने सकारात्मक उत्तर देकर संतुष्ट किया। उन्होंने आश्रम प्रबंधन को बच्चों के लिए पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बच्चों की व्यक्तिगत स्वच्छता और दैनिक दिनचर्या के संबंध में भी जानकारी लेते हुए बच्चों के कपड़े धोने, साफ-सफाई के संबंध में भी अधीक्षक को निर्देशित किया।
इस दौरान कलेक्टर ने मानसिक रूप से कमजोर विद्यार्थी बुधराम कोराम की स्थिति के बारे में जानकारी लेते हुए उसके स्वास्थ्य एवं देखभाल के लिए भी संस्था के अधीक्षक को विशेष रूप से कहा। कलेक्टर ने आश्रम में स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समीक्षा करते हुए चिरायु टीम द्वारा बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उप स्वास्थ्य केंद्र की टीम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। ज्ञात हो कि उक्त बालक आश्रम गढ़मिरी की क्षमता 100 बच्चों की है, जबकि वर्तमान में 112 बच्चे निवासरत हैं। कलेक्टर ने बच्चों की संख्या के अनुरूप आवास, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय संस्थाओं में बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
अपने निरीक्षण भ्रमण के क्रम में कलेक्टर श्री ध्रुव ने प्राथमिक शाला बंडीपारा, पोटाली का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षक से विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की दर्ज संख्या की जानकारी ली। इसके बाद कलेक्टर ने अध्ययनरत बच्चों से उनका नाम पूछा तथा हिंदी वर्णमाला के ‘अ, आ’ सहित अन्य अक्षरों को पढ़ने के लिए कहा। मौके पर बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ अक्षरों को पढ़कर कलेक्टर को सुनाया। बच्चों की सीखने की क्षमता और आत्मविश्वास देखकर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की और शिक्षकों को इसी तरह नियमित रूप से बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने शिक्षक से मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था, गुणवत्ता एवं नियमितता के संबंध में भी जानकारी ली।
पोटाली के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर कलेक्टर ने परखी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं
कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उप स्वास्थ्य केन्द्र पोटाली का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में प्रतिदिन उपचार के लिए आने वाले मरीजों की संख्या, पंजीयन तथा उन्हें प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी स्वास्थ्य कर्मियों से ली। कलेक्टर ने गर्भवती माताओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, हाई रिस्क प्रेगनेंसी के चिन्हांकन और आवश्यकता अनुसार उपचार एवं रेफरल की व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सर्पदंश के मामलों में त्वरित उपचार के लिए एंटी-वेनम दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ श्री तरुण देशमुख सहित मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा
No Previous Comments found.