बोदली में कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने प्रशिक्षणार्थियों से की मुलाकात,स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ लेने किया प्रेरित

दंतेवाड़ा : कलेक्टर  देवेश कुमार ध्रुव एवं सीईओ जिला पंचायत श्री एम. भार्गव ने जिले की अंतिम ग्राम पंचायत बोदली में भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा आज से प्रारंभ किए जा रहे 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण एवं 10 दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण लेने वाले ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं से मुलाकात कर उनसे प्रशिक्षण एवं उनके पूर्व के कार्यों के संबंध में जानकारी ली।

कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने युवाओं को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा प्राप्त कौशल का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि राजमिस्त्री प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को भवन निर्माण से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल प्राप्त होगा। इससे वे कुशल राजमिस्त्री के रूप में कार्य कर रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ सकेंगे। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को गति देने में भी स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसी प्रकार ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर आय सृजन से जोड़ने के लिए मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कलेक्टर ने प्रशिक्षणार्थियों को इसका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कम लागत में मशरूम उत्पादन शुरू कर महिलाएं अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) ‘बिहान’ से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं को दिए जा रहे 10 दिवसीय प्रशिक्षण में मशरूम उत्पादन की तकनीक, कम लागत में उत्पादन, रख-रखाव, पैकेजिंग, विपणन एवं आय सृजन से संबंधित आवश्यक जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। वहीं 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीण युवाओं को भवन निर्माण से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को कुशल बनाकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर कुशल मानव संसाधन तैयार करना है। इस अवसर पर एसडीएम  विवेक चंद्रा, सीईओ जनपद पंचायत गीदम, ग्राम पंचायत बोदली के सरपंच, तकनीकी सहायक, पंचायत सचिव, आरसेटी दंतेवाड़ा के फैकल्टी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : ए आर कर्मा 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.