L-01 और L-02 भर्ती पर भीम आर्मी का आर-पार का ऐलान

दंतेवाड़ा : NMDC की L-01 और L-02 भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से अटकी होने को लेकर अब विरोध तेज होता नजर आ रहा है। भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने वाली भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने अब आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आज़ाद ने किरंदुल स्थित NMDC प्रबंधन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि “15 दिन आपका, 16वाँ दिन हमारा!” यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर भर्ती प्रक्रिया को लेकर ठोस पहल नहीं की गई, तो संगठन रेल रोको आंदोलन करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन के चलते NMDC का उत्पादन भी प्रभावित हो सकता है।

स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग

भीम आर्मी ने NMDC प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कंपनी आसपास के क्षेत्रों में विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जब स्थानीय युवाओं और मूलनिवासियों को रोजगार देने की बात आती है, तो स्थिति अलग दिखाई देती है।

संगठन का कहना है कि L-01 और L-02 की भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है, जिससे रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे स्थानीय युवाओं में निराशा बढ़ रही है। भीम आर्मी ने मांग की कि स्थानीय मूलनिवासियों को नियमानुसार तथा लागू प्रावधानों के तहत प्राथमिकता दी जाए। संगठन ने पेसा कानून की भावना का उल्लेख करते हुए स्थानीय लोगों के रोजगार और अधिकारों को प्राथमिकता देने की बात कही।

कथनी और करनी में अंतर का आरोप

प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आज़ाद ने NMDC प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्रीय विकास और स्थानीय लोगों के हितों की बात करने वाली कंपनी की कथनी और करनी में अंतर दिखाई दे रहा है। जब भर्ती प्रक्रिया ही लंबे समय से रुकी हुई है, तो स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर कैसे मिलेंगे?

उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन अब केवल ज्ञापन सौंपने तक सीमित नहीं रहेगा। यदि भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद आंदोलन किया जाएगा। रेल रोको आंदोलन की चेतावनी के साथ संगठन ने यह भी कहा कि इससे NMDC के उत्पादन पर असर पड़ सकता है।

NMDC प्रबंधन से मुलाकात में मौजूद रहे संगठन के पदाधिकारी

किरंदुल स्थित NMDC प्रबंधन से मुलाकात के दौरान भीम आर्मी भारत एकता मिशन के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश आज़ाद, बस्तर संभाग प्रभारी बामन पोडियाम, जिला अध्यक्ष रामदयाल बारसा, जिला कार्यकारिणी सदस्य शंकरलाल नाग, उपाध्यक्ष आशा कर्मा, भवानी तामो, सुदर मारियामि, हड़मा मंडावी, हिड़मा कुंजाम, सुनील यादव, भूनेन बारेकर, एमडी शमीम सहित बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

अब निगाहें NMDC प्रबंधन के अगले कदम पर

L-01 और L-02 भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठे इस मुद्दे पर अब सबकी निगाहें NMDC प्रबंधन की प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं। एक ओर स्थानीय युवा भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं दूसरी ओर भीम आर्मी ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी दे दी है।

अब सवाल यह है कि क्या NMDC प्रबंधन 15 दिनों के भीतर भर्ती प्रक्रिया को लेकर ठोस पहल करेगा, या फिर 16वें दिन रेल रोको आंदोलन से क्षेत्र में तनाव और औद्योगिक गतिविधियों पर असर की स्थिति बनेगी?

रिपोर्टर : ए आर कर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.