एनएमडीसी की डायलिसिस सुविधा से बचेली में जनजातीय समुदायों को मिली नई उम्मीद
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा : आदिवासी अंचल बस्तर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एनएमडीसी द्वारा संचालित डायलिसिस सेवा जरूरतमंद किडनी मरीजों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आई है। एनएमडीसी अपोलो सेंट्रल हॉस्पिटल, बचेली में मई 2026 से अब तक सफलतापूर्वक 645 डायलिसिस सत्र संपन्न किए जा चुके हैं। इस सुविधा से विशेष रूप से स्थानीय जनजातीय समुदायों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
पहले किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को नियमित डायलिसिस कराने के लिए 200 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर दूसरे शहरों के अस्पतालों तक जाना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक खर्च, समय और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब बचेली में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को अपने क्षेत्र के नजदीक उपचार मिल रहा है।
पात्र मरीजों को निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा
एनएमडीसी की इस पहल के तहत पात्र स्थानीय जनजातीय एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को डायलिसिस उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं अन्य मरीज भी मात्र 1,500 रुपये के उपभोग्य सामग्रियों के शुल्क पर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इससे उन परिवारों को राहत मिली है, जिन्हें पहले प्रत्येक डायलिसिस सत्र के लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे।
मरीजों ने साझा किया अपना अनुभव
डायलिसिस सेवा का लाभ ले रहे अनिल कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया, "मैं सप्ताह में तीन बार पूरी तरह निःशुल्क डायलिसिस करवाता हूं। एनएमडीसी अपोलो सेंट्रल हॉस्पिटल, बचेली में उपलब्ध सुविधाएं एवं उपचार की गुणवत्ता कॉर्पोरेट अस्पतालों के समान हैं। मैं यहां के उपचार एवं सेवाओं से अत्यंत संतुष्ट हूं।"
एक अन्य मरीज ने बताया कि पहले उन्हें दूसरे अस्पताल में प्रत्येक डायलिसिस सत्र के लिए लगभग 3,500 रुपये खर्च करने पड़ते थे। मई 2026 से एनएमडीसी अपोलो सेंट्रल हॉस्पिटल, बचेली में सप्ताह में तीन बार उनका डायलिसिस पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। इससे उनके परिवार पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ काफी कम हुआ है।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से ग्रामीणों को लाभ
बस्तर संभाग के दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में गंभीर बीमारियों का उपचार कराना आज भी अनेक परिवारों के लिए चुनौती बना हुआ है। ऐसे में बचेली में डायलिसिस जैसी विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा का उपलब्ध होना स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
645 सफल डायलिसिस सत्र इस बात को दर्शाते हैं कि स्थानीय स्तर पर ऐसी सुविधाओं की कितनी आवश्यकता है। यह पहल न केवल मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध करा रही है, बल्कि उनके परिवारों को लंबी दूरी की यात्रा और अतिरिक्त आर्थिक बोझ से भी राहत प्रदान कर रही है।
स्थानीय समुदायों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, आर्थिक सहायता और समय पर उपचार बेहद जरूरी है। उम्मीद है कि भविष्य में भी ऐसी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा, ताकि बस्तर के दूरस्थ गांवों के जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा अपने क्षेत्र के नजदीक मिल सके।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा

No Previous Comments found.