द्वितीय चरण का प्रशिक्षण प्रारंभ, 223 कर्मियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
दंतेवाड़ा : जनगणना कार्य निदेशालय रायपुर के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के मार्गदर्शन में जिले में जनगणना 2027 के अंतर्गत द्वितीय चरण का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आज से प्रारंभ हो गया। इस प्रशिक्षण में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना से संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं, प्रपत्रों के संधारण तथा डिजिटल प्रविष्टियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। जिला जनगणना अधिकारी मूलचंद चोपड़ा ने प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण एवं अभ्यास सत्रों को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि यह विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला होती है। इसलिए प्रत्येक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ करें। द्वितीय चरण के इस प्रशिक्षण में जिले की 05 तहसीलों एवं 02 नगर पंचायतों के कुल 223 कर्मियों को शामिल किया गया है, जिनमें 188 प्रगणक एवं 35 पर्यवेक्षक शामिल हैं। इन्हें 06 बैचों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस में तहसील दंतेवाड़ा एवं नगर पंचायत गीदम के एक-एक प्रगणक अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित प्रगणकों के विरुद्ध संबंधित चार्ज जनगणना अधिकारी के माध्यम से कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला जनगणना अधिकारी मूलचंद चोपड़ा सहित संबंधित चार्ज जनगणना अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा

No Previous Comments found.