दंतेवाड़ा के गढ़मिरी में कुहड़ामी कुटमा परिवार का भव्य वार्षिक सम्मेलन, हजारों लोगों की ऐतिहासिक उपस्थिति
दंतेवाड़ा : आदिवासी संस्कृति की झलक, पारंपरिक सजावट और सांस्कृतिक नृत्यों ने बांधा समां — बस्तर संभाग से उमड़ा जनसैलाब दंतेवाड़ा से विशेष रिपोर्ट कुहड़ामी कुटमा परिवार द्वारा आयोजित वार्षिक सम्मेलन इस वर्ष भव्यता और परंपरा का अद्भुत संगम बनकर उभरा। आयोजन में क्षेत्र के आसपास के सभी जनपद सदस्य, सरपंच एवं समाज के प्रमुख जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। ग्राम पंचायत गढ़मिरी के सरपंच पवन कोर्राम, जनपद सदस्य श्रीमती मनीषा कोर्राम, धुर्वा कोर्राम सहित सोमूडू कूहडाम (संभाग उपाध्यक्ष), कूहडाम कूटमा (जिला अध्यक्ष), छोटेलाल कोहराम (ब्लॉक अध्यक्ष कुआकोंडा) समेत कई समाज प्रमुख मंच पर उपस्थित रहे।
इस दौरान गढ़मिरी के पेरमा हिड़मा, पटेल सुखों कवासी, बीजों कुहड़ाम, रमेश कूहडाम, पोजो, जितेंद्र कूहडाम सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। आयोजन में कुहड़ामी कुटमा परिवार के हजारों सदस्य एकत्रित हुए, जिससे यह सम्मेलन ऐतिहासिक बन गया।
पारंपरिक सजावट बनी आकर्षण का केंद्र
आयोजन स्थल को आधुनिक टेंट की बजाय पारंपरिक तरीके से बांस-बल्लियों, खजूर और ताड़ के पत्तों से सजाया गया, जिसने पूरे माहौल को आदिवासी संस्कृति की सुगंध से भर दिया। सुंदर मंच निर्माण और पारंपरिक सजावट ने कार्यक्रम की भव्यता को कई गुना बढ़ा दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में विभिन्न टीमों द्वारा आदिवासी सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा और लोक संगीत के साथ प्रस्तुत नृत्यों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए।
बस्तर संभाग से उमड़ी भागीदारी
इस सम्मेलन के लिए बस्तर संभाग के सभी जिलों से कुहड़ामी कुटमा परिवार को आमंत्रित किया गया था, जिस पर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
यह आयोजन केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि आदिवासी संस्कृति, एकता और परंपराओं का जीवंत उत्सव बनकर सामने आया, जिसने समाज को एक मजबूत मंच पर जोड़ने का कार्य किया।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा

No Previous Comments found.