द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना की तैयारी हेतु दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न
दंतेवाड़ा : जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना को सुचारू, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 26 एवं 27 अक्टूबर को जिला कलेक्टोरेट के भूतल स्थित शंकनी सभाकक्ष में किया गया। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया और आवश्यक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
जनगणना कार्य निदेशालय, रायपुर द्वारा जिला दंतेवाड़ा के लिए नियुक्त मास्टर ट्रेनर श्री हिरेन्द्र कुमार सिन्हा, सहायक संचालक तथा श्री उमा महेश्वर अतला, सहायक अनुसंधान अधिकारी ने प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों, अनुविभागीय जनगणना अधिकारियों, चार्ज जनगणना अधिकारियों, अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारियों, चार्ज जनगणना लिपिकों एवं तकनीकी सहायकों को द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना से संबंधित प्रक्रियाओं, दायित्वों एवं कार्ययोजना की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का मैदानी कार्य जनवरी-फरवरी 2027 में किया जाएगा। इस कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ करना होगा। प्रशिक्षण में जनसंख्या गणना के कार्यों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने तथा मैदानी स्तर पर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला जनगणना अधिकारी, सभी अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, तहसीलदार एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित चार्ज जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी, चार्ज जनगणना लिपिक, तकनीकी सहायक तथा जिला जनगणना कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : ए आर कर्मा
No Previous Comments found.