भाजपा ने चुनाव कार्यालय का किया भव्य शुभारंभ, राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
दतिया : दतिया विधानसभा उपचुनाव-2026 के चुनावी अभियान ने शुक्रवार को उस समय नई गति पकड़* ली, जब शहर के होटल रतन रॉयल में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, दतिया उपचुनाव प्रभारी एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह तथा भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी सहित प्रदेश और जिले के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे के चित्रों पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन तथा वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने आगामी 30 जुलाई को होने वाले मतदान में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक विजय दिलाने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान तेज करने का आग्रह किया। एक विचार, एक लक्ष्य और एक संकल्प के साथ कार्य करती है भाजपा" : शिवप्रकाश,राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार और संगठन आधारित परिवार है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और समाज सेवा के उद्देश्य से कार्य करता है।उन्होंने श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे का स्मरण करते हुए कहा कि उनका सपना था कि भाजपा का ध्वज निरंतर ऊंचा लहराता रहे और कार्यकर्ता संगठन को मजबूत बनाते रहें। आज प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि उस संकल्प को आगे बढ़ाए।उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य विकसित दतिया, विकसित मध्यप्रदेश और विकसित भारत का निर्माण करना है। यह लक्ष्य तभी पूरा होगा जब भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को प्रचंड बहुमत से विजय मिले।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं और जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान का आग्रह करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा विश्व स्तर पर लगातार बढ़ी है और आज भारत एक मजबूत, सुरक्षित तथा आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित हो रहा है।दतिया उपचुनाव भाजपा कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान और सम्मान का चुनाव" : हेमंत खंडेलवाल,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचारधारा, संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जबकि अन्य दल परिवारवाद की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और क्षमता के आधार पर सर्वोच्च स्थान तक पहुंच सकता है। यही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बना रहा है और मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दतिया क्षेत्र में लंबे समय तक कांग्रेस का प्रतिनिधित्व रहा, लेकिन क्षेत्र के विकास के लिए कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किए गए। यदि विकास हुआ होता तो कांग्रेस आज विकास के नाम पर वोट मांगती।उन्होंने कहा कि दतिया का यह उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि भाजपा संगठन, कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को मजबूत करने का चुनाव है।कांग्रेस ने घोटाले दिए , भाजपा ने विकसित भारत की मजबूत नींव रखी" : डॉ. महेंद्र सिंह,भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में देश ने कोयला घोटाला, 2जी स्पेक्ट्रम , बोफोर्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, आदर्श सोसायटी, अगस्ता वेस्टलैंड और नेशनल हेराल्ड जैसे अनेक घोटाले देखे।उन्होंने कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त शासन की स्थापना की है।उन्होंने अनुच्छेद-370 हटाने, गरीब कल्याण योजनाओं, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन, किसानों और महिलाओं के हित में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज विकसित, आत्मनिर्भर और विश्वगुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशी की रिकॉर्ड मतों से जीत सुनिश्चित करें।भाजपा में चुनाव प्रत्याशी नहीं, कार्यकर्ता लड़ता है" : जगदीश देवड़ा,मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि भाजपा की कार्यपद्धति अन्य दलों से अलग है। यहां प्रत्याशी केवल एक माध्यम होता है, जबकि चुनाव की वास्तविक ताकत कार्यकर्ता होता है।उन्होंने कहा कि दतिया उपचुनाव पर पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की नजर है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अगले 15 दिनों तक पूरी ऊर्जा, समर्पण और अनुशासन के साथ घर-घर संपर्क करना होगा तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना होगा।उन्होंने कहा कि भाजपा "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र के साथ कार्य करती है और इसी भावना के साथ चुनाव लड़ा जाएगा।दतिया और आने वाली पीढ़ियों के विकास के लिए भाजपा को मजबूत बनाना होगा" : डॉ. नरोत्तम मिश्रा, भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दतिया में वर्षों तक कांग्रेस का प्रतिनिधित्व रहा, लेकिन क्षेत्र के विकास के लिए कोई ठोस कार्य नहीं किए गए।उन्होंने कहा कि आज केंद्र और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है और भाजपा प्रत्याशी की जीत इस विकास यात्रा को और गति देगी।उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया।
"भाजपा में कार्यकर्ता का सम्मान, कांग्रेस में परिवारवाद" : भारत सिंह कुशवाह दतिया उपचुनाव प्रभारी एवं सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि कांग्रेस परिवार आधारित राजनीति करती है, जबकि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है।उन्होंने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को उसकी मेहनत और क्षमता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ करोड़ों लोगों को मिल रहा है।उन्होंने कहा कि दतिया उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।जीवनभर दतिया की सेवा करता रहूंगा" : आशुतोष तिवारीभाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसे जनता और कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद से और मजबूत बनाएंगे।उन्होंने कहा कि जब तक उनके शरीर में प्राण रहेंगे, वे दतिया की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहेंगे। प्रत्येक कार्यकर्ता की आवाज पर वे उसके द्वार तक पहुंचेंगे और जनता के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।उन्होंने सभी मतदाताओं से 30 जुलाई को कमल के फूल के सामने वाला बटन दबाकर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने की अपील की।बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित,उद्घाटन समारोह में प्रदेश शासन के मंत्री ऐदल सिंह कंसाना, राकेश शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ, सांसद संध्या राय, चुनाव अभियान प्रमुख एवं पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री एवं सह प्रभारी राहुल कोठारी, एपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र यादव, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, संभाग प्रभारी अभय सिंह यादव, पूर्व मंत्री इमरती देवी, जिला प्रभारी गजेंद्र सिंह सिकरवार, जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाह, विधायक प्रदीप अग्रवाल, प्रीतम लोधी, पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया, रक्षा सिरोनिया, शैतान सिंह पाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन पंकज गुप्ता ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मीनाक्षी कटारे ने व्यक्त किया। समारोह के दौरान पूरे परिसर में चुनावी उत्साह का माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रत्याशी की जीत का संकल्प दोहराया।
रिपोर्टर : नितिन कुमार दांतरे
No Previous Comments found.