माई के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य रोड शो, दतिया में गूंजे 'नरोत्तम मिश्रा जिंदाबाद' के नारे

दतिया : दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। मतदान से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विशाल रोड शो आयोजित किया,मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में शहर में जनसंपर्क कर मतदाताओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान पूर्व गृह मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश एवं जिला संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला,सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री का स्वागत करने के लिए खड़े नजर आए। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया, जबकि जगह-जगह भाजपा के समर्थन में नारे लगाए गए। रोड शो के दौरान "नरोत्तम मिश्रा जिंदाबाद " और "भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद" के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। ठंडी सड़क से शुरू हुआ कार्यक्रम, पहले कुशवाह समाज की बैठक को किया संबोधित,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दतिया पहुंचने के बाद सबसे पहले ठंडी सड़क स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने कुशवाह समाज के प्रबुद्धजनों की बैठक को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने भाजपा द्वारा विभिन्न समाजों को दिए जा रहे राजनीतिक प्रतिनिधित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर कुशवाह समाज को लगातार सम्मान और जिम्मेदारी दी है। मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह, मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री नारायण सिंह कुशवाह सहित अनेक सांसद, विधायक और मंत्री भाजपा की समावेशी सोच का प्रमाण हैं।दतिया जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी कुशवाह समाज को दी,मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने दतिया में भी संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी  कुशवाह को जिलाध्यक्ष बनाकर समाज का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने का काम नहीं किया, जबकि भाजपा "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है,पीतांबरा माता के किए दर्शन, प्रदेश की खुशहाली की कामना,कुशवाह समाज की बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व प्रसिद्ध शक्ति पीठ मां पीतांबरा मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में उन्होंने श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की।माता के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री का भव्य रोड शो प्रारंभ हुआ। शहर के प्रमुख मार्गों से निकले इस रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह नागरिकों, व्यापारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं का स्वागत किया। महिलाओं ने पुष्पवर्षा की तो युवाओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।दतिया में ₹11,500 करोड़ से अधिक के निवेश का किया बड़ा दावा,मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में दतिया के विकास को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आने वाले समय में दतिया को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में नई पहचान मिलने वाली है। उन्होंने दावा किया कि लगभग ₹11,500 करोड़ से अधिक के निवेश वाला एक बड़ा औद्योगिक कारखाना दतिया में स्थापित होने जा रहा है।हालांकि उन्होंने कहा कि विधानसभा उपचुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण अभी इसकी तिथि और विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती, लेकिन यह परियोजना दतिया के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इससे हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और जिले की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। किसानों, महिलाओं और गरीबों के कल्याण का किया उल्लेख,मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के हित में लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत संरचना, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ग्वालियर क्षेत्र को टेलीकॉम कम्युनिकेशन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है, जिससे पूरे क्षेत्र को आर्थिक और तकनीकी लाभ मिलेगा। भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, चुनाव प्रचार ने पकड़ी अंतिम रफ्तार,दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ ही चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंच गया है। भाजपा ने अंतिम दौर में पूरी ताकत झोंकते हुए वरिष्ठ नेताओं की लगातार सभाएं और रोड शो आयोजित किए हैं। इससे पहले केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भी दतिया पहुंचकर चुनावी सभाओं को संबोधित किया था।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह रोड शो भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी का प्रयास है कि अंतिम चरण में अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचकर अपने पक्ष में माहौल बनाया जाए और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में व्यापक जनसमर्थन सुनिश्चित किया जाए।

रिपोर्टर : नितिन कुमार दांतरे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.