जहरीली शराब के खिलाफ दतिया आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
दतिया : जिला सागर में जहरीली शराब से हुई घटना के बाद प्रशासन एवं आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में कलेक्टर दतिया स्वप्निल वानखड़े एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता संदीप शर्मा के निर्देशानुसार रविवार, 06 सितंबर 2026 को जिले में आबकारी विभाग द्वारा व्यापक दबिश एवं कार्रवाई की गई।यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी रामकुमार सूत्रकार के मार्गदर्शन तथा आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी अनिरुद्ध खानवलकर के नेतृत्व में वृत्त दतिया ‘अ’, दतिया ‘ब’ एवं वृत्त सेंवढ़ा क्षेत्र में की गई। कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अवैध रूप से तैयार की जा रही कच्ची एवं जहरीली शराब के संभावित खतरे को रोकना तथा अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना रहा।05 ड्रम में मिला करीब 1000 लीटर गुड़ लाहन आबकारी विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे 05 ड्रमों में लगभग 1000 लीटर गुड़ लाहन बरामद किया। मौके पर लाहन के नमूने सैंपल के रूप में सुरक्षित किए गए तथा शेष लाहन को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार करने वाले तत्वों में हड़कंप की स्थिति रही।इसके साथ ही कार्रवाई के दौरान 119 लीटर कच्ची हाथ भट्टी शराब भी जब्त की गई। अवैध शराब एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री के संबंध में आबकारी विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए गए।09 प्रकरण दर्ज, 05 आरोपी गिरफ्तार आबकारी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1) एवं धारा 34(1) के अंतर्गत कुल 09 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के कारोबार से जुड़े 05 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।विभाग द्वारा जब्त एवं नष्ट की गई मदिरा तथा संबंधित सामग्री की अनुमानित कीमत 1 लाख 73 हजार 800 रुपये बताई गई है। जिले में लगातार जारी रहेगा अभियानआबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से कच्ची एवं हाथ भट्टी से तैयार होने वाली शराब पर निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि अवैध शराब के सेवन से होने वाली संभावित जनहानि को रोका जा सके।प्रशासन द्वारा आमजन से भी अपील की जा रही है कि वे अवैध अथवा संदिग्ध शराब का सेवन न करें तथा कहीं भी अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचना दें।आबकारी टीम का रहा सराहनीय योगदान पूरी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक ध्वनि भदौरिया, आबकारी मुख्य आरक्षक विकास पाठक, आबकारी* आरक्षक मनीष यादव एवं विकास साहू सहित वाहन चालकों का सराहनीय योगदान रहा,आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी संदिग्ध क्षेत्रों में लगातार दबिश देकर अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : नितिन कुमार दांतरे
No Previous Comments found.