चित्रगुप्त मंदिर में कायस्थ समाज का भव्य सम्मान समारोह

दतिया - शहर के ऐतिहासिक चित्रगुप्त मंदिर परिसर में शनिवार को कायस्थ समाज द्वारा भव्य सम्मान समारोह एवं सामाजिक मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके आगमन पर कायस्थ समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने पुष्पमालाएं पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दतिया विधानसभा उपचुनाव-2026 के भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित समाज के लोगों से आत्मीय मुलाकात की, उनका अभिवादन स्वीकार किया तथा सभी से आगामी उपचुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। समाजजनों ने आशुतोष तिवारी का भी पुष्पहार पहनाकर जोरदार स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने केंद्र एवं मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की गति को बनाए रखने और दतिया के समग्र विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाना आवश्यक है। मंत्री विश्वास सारंग ने उपस्थित समाजजनों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि "आप आशुतोष तिवारी को जिताइए, बाकी मुझ पर छोड़ दीजिए।" उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दतिया की जनता विकास और सुशासन के पक्ष में अपना मत देकर भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएगी। उनके इस वक्तव्य पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ समर्थन व्यक्त किया।

भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने अपने संबोधन में समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो स्नेह, सम्मान और समर्थन मिल रहा है, वह उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता का आशीर्वाद मिलने पर वे दतिया विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, युवाओं के रोजगार,किसानों की समस्याओं के समाधान तथा क्षेत्र की जन अपेक्षाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता,संगठन की मजबूती तथा समाज के उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। समाज के वरिष्ठजनों ने सामाजिक समरसता,शिक्षा,युवा सशक्तिकरण तथा समाज की सहभागिता बढ़ाने पर अपने विचार रखे। महिला प्रतिनिधियों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाया। अंत में समाज के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों,समाजजनों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। सम्मान समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां समाज की एकजुटता और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी देखने को मिला।

 रिपोर्टर - नितिन कुमार दांतरे

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.