अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस की रथ यात्रा का पहला चरण सम्पन्न

देहरादून : राजधानी देहरादून से 4 अक्टूबर को शुरू हुई अग्निपथ विरोधी रथ यात्रा का पहला चरण आज सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना और कर्नल राम रतन सिंह नेगी, अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को संबोधित किया।

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि अग्निपथ योजना न केवल देश की सुरक्षा के लिए खतरनाक है, बल्कि युवाओं के मनोबल को भी तोड़ती है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत भर्ती अग्निवीरों को युद्ध में शहीद होने पर शहीद का दर्जा, पेंशन या अन्य सुविधाएं तक नहीं मिलतीं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने पुनः दोहराया कि कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आते ही अग्निपथ योजना को रद्द कर सेना में भर्ती की पूर्व प्रणाली लागू करेगी।

कर्नल राम रतन सिंह नेगी ने यात्रा के प्रथम चरण का ब्यौरा देते हुए बताया कि देहरादून से शुरू होकर यात्रा कोटद्वार, दुगड्डा, लैंसडाउन, जयरिखाल, गुमखाल, सतपुली, बुआखाल, पौड़ी और श्रीनगर गढ़वाल तक पहुंची।
उन्होंने कहा कि हर जगह लोगों ने, विशेषकर युवाओं और पूर्व सैनिकों ने, यात्रा को भरपूर समर्थन दिया।

नेगी ने बताया कि कोटद्वार में पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में बड़ा सम्मेलन आयोजित किया गया, जबकि गुमखाल में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी यात्रा में शामिल होकर इसे उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य से जुड़ा पवित्र अभियान बताया।
सतपुली में सूर्यकांत धस्माना, पौड़ी और श्रीनगर में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभाओं को संबोधित किया।

कर्नल नेगी ने कहा कि रथ यात्रा का दूसरा चरण शीघ्र ही कुमाऊं मंडल के जनपदों में आयोजित किया जाएगा, जबकि तीसरा और चौथा चरण क्रमशः गढ़वाल व तराई क्षेत्रों में निकाला जाएगा।

प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी गोपाल सिंह गड़िया, खुशाल सिंह राणा, कैप्टन सहदेव शर्मा, बलवीर सिंह पंवार, महेश कुकरेती, आर. पी. ध्यानी और दिनेश कौशल भी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : प्रवचन सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.