बरसूण्ड पेयजल योजना से 40 गांवों को मिलेगा लाभ, पोखड़ा को मिली 2.75 करोड़ की सड़क

देहरादून - चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड पोखड़ा में सेवा संकल्प अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करने के साथ ही लाभार्थियों को मुख्यमंत्री कोष से सहायता राशि के चेक वितरित किए। सतपाल महाराज ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, पेयजल, पर्यटन, पंचायतों के सुदृढ़ीकरण और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दूरस्थ कोला क्षेत्र की वर्षों से लंबित बरसूण्ड देवता ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजना के लिए 29 करोड़ 83 लाख रुपये स्वीकृत कराए गए हैं। इस योजना से करीब 40 छोटे-बड़े गांवों और तोकों के लोगों को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कोला-1 और कोला-2 को मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए 31.51 लाख रुपये स्वीकृत किए गए, जबकि बिजोरापानी से कुंजखाल तक मोटर मार्ग के नवीनीकरण पर 56 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। विधायक निधि से क्षेत्र में करीब एक करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य भी कराए गए हैं। इसके अलावा स्कूल भवनों, सौर ऊर्जा और जल जीवन मिशन के तहत पेयजल सुविधाओं पर 10 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं।

2.75 करोड़ की सड़क का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान महाराज ने 2 करोड़ 75 लाख 63 हजार रुपये की लागत से निर्मित बिजोरापानी-कुंजखाल-कोलाखाल-जयकोट मार्ग के 8 किलोमीटर ग्रामीण मोटर मार्ग का लोकार्पण किया। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। महाराज ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री कोष से लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए और एबीवीपी के युवाओं को सम्मानित भी किया गया। शिविर में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी रही।

संवाददाता - प्रवचन सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.