बैणी-भुली योजना को लेकर कांग्रेस का हमला, चुनावी स्टंट करार दिया

देहरादून - उत्तराखंड सरकार की ‘बैणी-भुली योजना’ को लेकर कांग्रेस ने धामी सरकार पर निशाना साधते हुए इसे चुनावी स्टंट और प्रदेश की मातृशक्ति को गुमराह करने का प्रयास बताया। राजीव भवन में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने योजना को लेकर सरकार की नीयत, बजट और लाभार्थियों के चयन पर सवाल उठाए।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के दौर में महिलाओं को 10 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता देना उनके सशक्तिकरण के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सरकार से योजना के बजट स्रोत और चुनाव के बाद इसकी निरंतरता को लेकर स्पष्ट जवाब मांगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सवाल उठाया कि योजना के तहत केवल 5.23 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात क्यों की जा रही है और प्रदेश की बाकी महिलाओं को इससे बाहर क्यों रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को पूरे कार्यकाल में महिलाओं की याद नहीं आई और अब चुनाव नजदीक आने पर वोट बैंक की राजनीति के तहत योजना घोषित की गई है। गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर महिलाओं को एकमुश्त राशि के बजाय प्रतिमाह सम्मान राशि देने की व्यवस्था की जाएगी।

प्रीतम सिंह ने योजना को मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार की घोषणाएं अक्सर धरातल पर नहीं उतरतीं और यह योजना भी कागजी साबित हो सकती है। वहीं, डॉ. हरक सिंह रावत ने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं को रोजगार, सुरक्षा और महंगाई से राहत देने के बजाय तात्कालिक आर्थिक प्रलोभन देकर अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार से योजना के पात्रता मानदंड सार्वजनिक करने और प्रदेश की महिलाओं को बिना भेदभाव लाभ सुनिश्चित करने की मांग की। पत्रकार वार्ता में एआईसीसी मीडिया कॉर्डिनेटर पंखुड़ी पाठक, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह और सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन सिंह नेगी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

संवाददाता - प्रवचन सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.