देहरादून को मिला नया जिलाधिकारी, डॉ. आशीष चौहान ने संभाली कमान
देहरादून : देहरादून जनपद को नया जिलाधिकारी मिल गया है। आईएएस अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले देहरादून के जिलाधिकारी रहे सविन बंसल का सचिवालय में स्थानांतरण किया गया है।
कार्यभार संभालने के बाद डॉ. चौहान ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने चारधाम यात्रा प्रबंधन को और मजबूत बनाने, आपदा प्रबंधन कार्यों को तेजी से पूरा करने तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2012 बैच के अधिकारी डॉ. आशीष चौहान इससे पहले पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और पौड़ी जिलों में जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके कार्यकाल में तकनीक आधारित कई नवाचारों को प्रदेश स्तर पर सराहना मिली। पौड़ी में शुरू किया गया ‘सेफ सफर ऐप’ सड़क सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जबकि ‘काव्या ऐप’ के माध्यम से हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की निगरानी और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।
वहीं, पूर्व जिलाधिकारी सविन बंसल को उनके जनहितैषी कार्यों के लिए याद किया जा रहा है। उनके कार्यकाल में शुरू की गई ‘नंदा-सुनंदा’ पहल, भिक्षावृत्ति और कूड़ा बीनने वाले बच्चों के पुनर्वास अभियान तथा त्वरित जन शिकायत निस्तारण जैसी योजनाओं को व्यापक सराहना मिली। उनके स्थानांतरण पर अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने भावुक विदाई दी।
देहरादून में अब डॉ. आशीष चौहान के नेतृत्व से तकनीक आधारित, पारदर्शी और जनकेंद्रित प्रशासन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


No Previous Comments found.