उत्तराखंड टाइगर फोर्स को मिला नया नेतृत्व, ललित उत्तराखंडी बने केंद्रीय अध्यक्ष
देहरादून : उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसरोकारों से जुड़ी संस्था उत्तराखंड टाइगर फोर्स (UTF) ने संगठन के विस्तार और जनभागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से ललित उत्तराखंडी को नया केंद्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसकी घोषणा संगठन के संस्थापक अनुपम खत्री और सह-संस्थापक तेज सिंह कार्की ने प्रेस वार्ता में की।
संस्थापक अनुपम खत्री ने कहा कि संगठन का उद्देश्य उत्तराखंड की अस्मिता, संस्कृति, सामाजिक एकता और जनहित की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रहने वाला हर व्यक्ति, जो प्रदेश की संस्कृति और विकास का सम्मान करता है, उनके लिए उत्तराखंडी है।
सह-संस्थापक तेज सिंह कार्की ने कहा कि ललित उत्तराखंडी की सामाजिक सक्रियता, जनसंपर्क क्षमता और समाज के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बनाती है।
नवनियुक्त केंद्रीय अध्यक्ष ललित उत्तराखंडी ने कहा कि वे इस पद को सम्मान नहीं बल्कि उत्तराखंड की जनता के प्रति जिम्मेदारी मानते हैं। उन्होंने संगठन के मूल मंत्र "सेवा, सुरक्षा और सुधार" को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए कहा कि संगठन पहाड़ से मैदान और देश-विदेश में बसे उत्तराखंडियों को जोड़ने का कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड टाइगर फोर्स समाज को जोड़ने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और जनहित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष करने के लिए कार्य करेगी।
संगठन की प्रमुख प्राथमिकताएं
मूल निवास एवं राज्यहित से जुड़े मुद्दे
सामाजिक समरसता और जनजागरण
युवा नेतृत्व निर्माण
महिला सम्मान एवं सुरक्षा
पर्यावरण एवं जल स्रोत संरक्षण
उत्तराखंडी संस्कृति और विरासत का संरक्षण
पहाड़ और मैदान के बीच संवाद एवं विश्वास निर्माण
जनहित आधारित नीतिगत सुधार
उत्तराखंडियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा
संगठन ने प्रदेश और देश-विदेश में रह रहे उत्तराखंडियों से अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
रिपोर्टर : प्रवचन
No Previous Comments found.