उत्तराखंड STF का बड़ा एक्शन: गदरपुर से युवक गिरफ्तार, जिहादी नेटवर्क से जुड़े होने की जांच

देहरादून/उधमसिंहनगर :  उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने देशविरोधी और कट्टरपंथी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के आरोप में उधमसिंहनगर जिले के गदरपुर निवासी मो. सलाउद्दीन को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा था।
एसटीएफ की जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से टेलीग्राम और सिग्नल जैसे प्लेटफॉर्म पर कई संदिग्ध चैट, समूह और सामग्री मिली है। जांच एजेंसी का दावा है कि इनमें जिहाद, शहादत और राष्ट्रविरोधी विचारों से संबंधित संदेश शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय और संभावित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से संपर्क के संकेत भी मिले हैं।
पूछताछ और सर्च अभियान के दौरान एक अंग्रेजी पिस्तौल, पांच कारतूस, चार डेटोनेटर तथा AK-47 के दो कारतूस बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है। एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश के रामपुर में भी संभावित नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में दबिश दी है।
एसटीएफ के मुताबिक आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152, 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(F) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एजेंसी का दावा है कि जांच में पाकिस्तान से जुड़े एक कथित हैंडलर की भूमिका के संकेत मिले हैं, जिसकी विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि मामले से संबंधित सभी अभिसूचना एजेंसियों को अवगत करा दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। STF ने आमजन से भी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की है।

रिपोर्टर : प्रवचन 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.