15 जुलाई को देहरादून के पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट में HINDUSTHAN 2.0 का आयोजन किया जाएगा
देहरादून : उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से 15 और 16 जुलाई 2026 को देहरादून के पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट में HINDUSTHAN 2.0 – National Chintan Shivir & Expo का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।
इस वर्ष सम्मेलन की थीम “Wed in Uttarakhand” रखी गई है। कार्यक्रम में देशभर के वेडिंग प्लानर्स, पर्यटन विशेषज्ञ, होटल एवं रिजॉर्ट संचालक, ट्रैवल एक्सपर्ट, नीति-निर्माता, संत समाज और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
सम्मेलन में धार्मिक, आध्यात्मिक, वेलनेस, ग्रामीण, प्राकृतिक और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्तराखंड को डेस्टिनेशन वेडिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर मंथन होगा। वहीं ‘दून डिक्लेरेशन’ के तहत “चलो गांव की ओर” संकल्प के माध्यम से पलायन प्रभावित गांवों में होमस्टे, जैविक खेती, स्थानीय हस्तशिल्प, लोककला और पारंपरिक व्यंजनों को पर्यटन से जोड़ने की रणनीति तैयार की जाएगी।
15 जुलाई को विशेष सत्र “Wed in Uttarakhand” में राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की कार्ययोजना बनाई जाएगी। जबकि 16 जुलाई को आयोजित BITA Awards 2026 में पर्यटन और वेडिंग उद्योग में उत्कृष्ट योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन पर्यटन आधारित विकास, निवेश, स्थानीय रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.