श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के अत्याधुनिक भवन का उद्घाटन
देहरादून : श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) ने उत्तराखंड के पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के अत्याधुनिक भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन ताज ऋषिकेश रिजॉर्ट एंड स्पा के क्लस्टर जनरल मैनेजर (ऑपरेशंस) एवं जनरल मैनेजर मनोज मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने नई पहल के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। मनोज मिश्रा ने कहा कि यह संस्थान उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित प्रोफेशनल्स तैयार करेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि ताज ग्रुप जल्द ही एसजीआरआरयू के स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के साथ एमओयू करेगा, जिसके तहत छात्रों को उद्योग विशेषज्ञों से प्रशिक्षण और बेहतर करियर अवसर मिलेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के. प्रतापन ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय जैविक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। होटल मैनेजमेंट एवं टूरिज्म हॉस्पिटैलिटी के डीन डॉ. विनय राणा ने बताया कि विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित होटल समूहों में इंटर्नशिप और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सहायता उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रतिबद्ध है।
कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि रोजगारपरक शिक्षा के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और प्रदेश से पलायन रोकना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान केक कटिंग समारोह भी आयोजित किया गया। होटल मैनेजमेंट विभाग के विद्यार्थियों द्वारा तैयार व्यंजनों की अतिथियों ने सराहना की। विश्वविद्यालय ने घोषणा की कि भविष्य में संस्थान के प्रमुख आयोजनों की हॉस्पिटैलिटी व्यवस्थाओं का संचालन विद्यार्थी स्वयं करेंगे, जिससे उन्हें अध्ययन के साथ वास्तविक उद्योग अनुभव प्राप्त होगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, विभिन्न स्कूलों के डीन, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.