महिलाओं का अपमान करने वालों को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी : ज्योति रौतेला
देहरादून : उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में मंगलवार को देहरादून के एस्लेहॉल चौक पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के विरोध में प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी द्वारा कथित रूप से बलात्कार के आरोपी के समर्थन में दिया गया बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान करने वाले नेताओं को अपने आचरण और विचारों का आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और उसके नेताओं की सोच महिला विरोधी रही है तथा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने उत्तराखंड की महिलाओं से अपील की कि जो लोग महिलाओं का सम्मान नहीं करते, उनके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज़ उठाएं।
ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश और देश में महिलाओं, युवाओं तथा बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उनका आरोप था कि सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों के गैर-जिम्मेदाराना बयान समाज में गलत संदेश दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी तथा महिला विरोधी मानसिकता और ऐसे बयानों के खिलाफ प्रदेशभर में जनजागरण और लोकतांत्रिक आंदोलन चलाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि जिस व्यक्ति पर बलात्कार के आरोपियों का समर्थन करने जैसे गंभीर आरोप लगते रहे हों, उसे शिक्षा मंत्रालय जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय युवाओं के भविष्य और देश के नैतिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण मंत्रालय है।
प्रीतम सिंह ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बरसात के दौरान विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और जनता सरकार की कार्यप्रणाली से निराश है। उन्होंने दावा किया कि जनता आगामी समय में लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल, नजमा खान, चंद्रकला नेगी, पूनम बिष्ट, अनुराधा तिवारी, संगीता गुप्ता, सविता सोनकर, निर्मला, संगीता सकलानी, दीपा चौहान, देवेंद्र, रेखा ढींगरा, सावित्री थापा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.