भाजपा नेताओं की आपसी 'कुर्सी की जंग' में बलि चढ़ रहा टिहरी मेडिकल कॉलेज: डॉ. प्रतिमा सिंह

देहरादून - उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने टिहरी मेडिकल कॉलेज के स्थापना स्थल को लेकर भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच चल रहे विवाद को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं की आपसी वर्चस्व की लड़ाई का खामियाजा टिहरी की जनता भुगत रही है और मेडिकल कॉलेज का निर्माण वर्षों से अधर में लटका हुआ है। प्रेस को जारी बयान में डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि विज्ञापनों में स्वयं को विकास का प्रतीक बताने वाली डबल इंजन सरकार के नेता आपसी खींचतान में उलझे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर विधायक किशोर उपाध्याय चार वर्ष बाद मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर सक्रिय हुए हैं,वहीं दूसरी ओर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अपनी पसंद के स्थान पर कॉलेज स्थापित कराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्चस्व की लड़ाई से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और टिहरी की जनता एक मेडिकल कॉलेज की प्रतीक्षा में है।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को जनहित और क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे से अधिक राजनीतिक वर्चस्व की चिंता है। उनके अनुसार, मेडिकल कॉलेज के स्थान को लेकर चल रहा विवाद विकास से अधिक राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि टिहरी मेडिकल कॉलेज की घोषणा वर्षों पहले हुई थी, लेकिन आज तक उसका निर्माण शुरू नहीं हो पाया। अब, उनके अनुसार, चुनाव नजदीक आते देख भाजपा के नेता कॉलेज के नाम पर राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ में लगे हुए हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में टिहरी के विकास के लिए गंभीर है, तो उसे तत्काल सभी विवाद समाप्त कर जनहित को प्राथमिकता देते हुए मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय लेकर निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया, तो कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाकर भाजपा नेताओं का लोकतांत्रिक तरीके से घेराव करेगी।

संवाददाता - प्रवचन सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.