अहमदाबाद TTF में उत्तराखंड पर्यटन का दम, आदि कैलाश परिक्रमा को मिलेगी वैश्विक पहचान : सतपाल महाराज
देहरादून : उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को अहमदाबाद स्थित महात्मा मंदिर कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर में आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) में कहा कि उत्तराखंड साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि 20 से 25 अक्टूबर 2026 तक पिथौरागढ़ में आयोजित होने वाली आदि कैलाश परिक्रमा अल्ट्रा रन विश्व के सबसे कठिन उच्च हिमालयी आयोजनों में शामिल होकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही है। महाराज ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को केवल चारधाम यात्रा तक सीमित न रखकर आध्यात्मिक, साहसिक, वेलनेस, योग, ग्रामीण, इको, होमस्टे और सीमा पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमांत गांवों को पर्यटन और रोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि होमस्टे योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है, जबकि आधार और ई-केवाईसी आधारित चारधाम पंजीकरण व्यवस्था से यात्रा अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हुई है। पर्यटन मंत्री ने ट्रैवल ऑपरेटरों, निवेशकों और मीडिया से उत्तराखंड को एक संपूर्ण हिमालयी पर्यटन अनुभव के रूप में देश-दुनिया तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खाउंटे तथा विभिन्न राज्यों के पर्यटन अधिकारी भी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.