देहरादून में आयोजित फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स-2026, 25 प्रगतिशील किसान और संस्थाएं सम्मानित

देहरादून : दिल्ली प्रेस की कृषि पत्रिका फार्म एन फूड द्वारा आयोजित फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स-2026 (उत्तराखंड) का भव्य आयोजन गुरुवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम, देहरादून में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तराखंड के ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश के प्रगतिशील किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि उद्यमियों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि संस्थानों तथा कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान करीब 25 प्रगतिशील किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों एवं संस्थाओं को राज्य स्तरीय कृषि सम्मान प्रदान किया गया, जबकि 200 से अधिक किसानों ने कार्यक्रम में भाग लिया। अपने संबोधन में ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और ग्रामीण विकास को एक-दूसरे का पूरक मानते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में सेब उत्पादन लगातार बढ़ रहा है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने, मूल्य संवर्धन करने और कृषि आधारित उद्यमों की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। आयोजकों ने कहा कि फार्म एन फूड पत्रिका भविष्य में भी किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं और कृषि उद्योग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कृषि क्षेत्र की प्रेरक कहानियों को देशभर तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन जारी रखेगी।

रिपोर्टर : प्रवचन सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.