1 सितंबर से सजेगा मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का मंच, न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक होंगे मुकाबले
देहरादून : उत्तराखंड में युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से खेल महाकुंभ 2026-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 1 सितंबर से शुरू होगा। न्याय पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं प्रतिभाग करेंगे।
शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक आयोजित कर खेल महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने और प्रतियोगिता का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चार चरणों में होंगी प्रतियोगिताएं
खेल महाकुंभ के तहत 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर और 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद 1 अक्टूबर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिताओं में खो-खो, बॉक्सिंग, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और शतरंज सहित विभिन्न खेल शामिल किए गए हैं।
ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा
प्रतिभागियों के लिए ‘खेलोयूके’ पोर्टल और क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा पंचायत भवन, शिक्षण संस्थानों, नगर निकायों, ब्लॉक, तहसील, जिला मुख्यालय और संबंधित विभागीय कार्यालयों में ऑफलाइन आवेदन भी जमा किए जा सकेंगे।
पिछले वर्ष देहरादून रहा था अव्वल
जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2023-24 में 12,383, 2024-25 में 34,570 और 2025-26 में 53,550 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
पिछले वर्ष देहरादून ने 146 स्वर्ण, 92 रजत और 80 कांस्य समेत कुल 318 पदक हासिल कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्षशीलता जैसे गुण विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया।
बैठक में विधायक उमेश शर्मा (काऊ), ऋषिकेश नगर निगम के मेयर शंभू पासवान, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, सभी उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.