महेंद्र भट्ट के बयान से भाजपा का दलित विरोधी चेहरा उजागरः डॉ. प्रतिमा सिंह
देहरादून : उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के उस बयान की कड़ी निंदा की है, जिसमें उन्होंने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद किए गए कथित ‘शुद्धिकरण’ को सही ठहराया है।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान न केवल मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान है, बल्कि देश के करोड़ों दलितों, वंचितों और संविधान में विश्वास रखने वाले नागरिकों की भावनाओं का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि किसी सार्वजनिक स्थल पर किसी व्यक्ति की जाति या सामाजिक पहचान के संदर्भ में ‘शुद्धिकरण’ जैसी सोच को उचित ठहराना सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों के विरुद्ध है।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान छुआछूत और जातिगत भेदभाव को स्पष्ट रूप से निषिद्ध करता है। यदि सार्वजनिक स्थल पर कोई अनुचित घटना हुई थी तो शिकायत या कानूनी कार्रवाई की जा सकती थी, लेकिन ‘शुद्धिकरण’ की मानसिकता को सही ठहराना स्वीकार्य नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा लगातार ‘सबका साथ, सबका विकास’ की बात करती है, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के बयान से उसकी कथनी और करनी का अंतर सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठतम सार्वजनिक नेताओं में से एक हैं और उनके प्रति इस प्रकार की टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भी विरुद्ध है।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा नेतृत्व से मांग की कि वह महेंद्र भट्ट के बयान पर अपना रुख स्पष्ट करे और सामाजिक समानता तथा संविधान के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित करे। उन्होंने कहा कि दलित समाज के सम्मान, सामाजिक बराबरी और संविधान की मूल भावना के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.