विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता के दावों पर कांग्रेस का हमला
देहरादून - भाजपा की हल्द्वानी में हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पारित प्रस्तावों पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा के विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता के दावों को जनता को गुमराह करने वाला बताया। कोटद्वार में पत्रकार वार्ता के दौरान धस्माना ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसके ठीक विपरीत आचरण करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों से प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद विकास के कई मोर्चों पर स्थिति खराब है। हरिद्वार मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मोड पर दिए जाने को उन्होंने सरकार की विकास नीति और कार्यप्रणाली का उदाहरण बताया।
कानून-व्यवस्था को लेकर भी धस्माना ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अपराध, हत्या, लूट और डकैती के मामलों का हवाला देते हुए कहा कि राजधानी देहरादून में अपराध और यातायात व्यवस्था बड़ी चुनौती बन चुके हैं। वहीं प्रदेशभर में सड़क और पुलों की स्थिति पर भी उन्होंने सवाल उठाए। सामाजिक समरसता के मुद्दे पर धस्माना ने हल्द्वानी रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण प्रकरण का जिक्र करते हुए भाजपा पर धार्मिक ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा समरसता की बात करती है और दूसरी ओर धार्मिक मुद्दों को लेकर राजनीति करती है।
धस्माना ने कहा कि देश में राहुल गांधी के कार्यक्रमों और युवाओं की बढ़ती भागीदारी से भाजपा नेतृत्व में बेचैनी है और इसी कारण धार्मिक व जातीय ध्रुवीकरण की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने कोटद्वार, लैंसडौन और यमकेश्वर में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। लैंसडौन क्षेत्र में जंगली जानवरों के हमलों को लेकर उन्होंने चिंता जताई। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोटद्वार की जनता पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को याद कर रही है।
धस्माना ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के उत्तराखंड दौरे और कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। उन्होंने दावा किया कि इन कार्यक्रमों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा। प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष मीना बर्छवान, पूर्व अध्यक्ष संजय मित्तल, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. खरखवाल, गुड्डू चौहान, प्रदेश सचिव विजय रावत, अंकुश घिल्डियाल, हिमांशु बहुखंडी, शुभम सुयाल, अमित राज सिंह, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मनदीप सिंह समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संवाददाता - प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.