सेवा संकल्प अभियान मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान: सतपाल महाराज

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में आयोजित किए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। अभियान के तहत प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को सुभाष रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पर्यटन, लोक निर्माण, धर्मस्व, संस्कृति, सिंचाई, लघु सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण विभाग से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक में सतपाल महाराज ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा की यात्रा, सेवा कार्यों और विकास योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को भी सेवा कार्यों से जोड़ते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

महाराज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, गैस वितरण केंद्रों, राशन की दुकानों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और गंगा तटों पर जनभागीदारी से दीप प्रज्वलन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से भी साझा करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, गरीब कल्याण से जुड़े कार्यक्रम, प्रदर्शनियां और सेमिनार आयोजित किए जाएं। ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। संस्कृति विभाग के पंजीकृत दलों के माध्यम से पंचायत स्तर पर मंचन एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सतपाल महाराज ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल जन्मदिन से जुड़ा कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनमानस तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। उन्होंने प्रत्येक जिले में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वारा’ कार्यक्रम के तहत शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों, जिला पंचायत प्रतिनिधियों, सांसदों और विधायकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने को भी कहा, ताकि सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सके।

बैठक में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी, अपर निदेशक पूनम चंद, सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता सुभाष चंद्र पांडे, लघु सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता बी.के. तिवारी, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता मुकेश सिंह परमार, ग्रामीण निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विभू रावत और संस्कृति विभाग के अपर निदेशक शेखर पटवा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

संवाददाता - प्रवचन सिंह 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.