उमा गौड़ सिसोदिया बनीं AAP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, बोलीं- पूरी निष्ठा से निभाऊंगी जिम्मेदारी
देहरादून। आम आदमी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए उत्तराखंड की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए खुशी जताई। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य बनाए जाने पर उमा गौड़ सिसोदिया ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगी।
उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता की आवाज, पारदर्शी राजनीति, ईमानदार शासन और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नई भूमिका के माध्यम से वह उत्तराखंड के जनसरोकारों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से जूझ रही है। ऐसे में आम आदमी पार्टी का दायित्व है कि वह जनता के बीच मजबूती से खड़ी होकर उनकी समस्याओं और अधिकारों की आवाज बुलंद करे।
उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि मिशन-2027 को लेकर पार्टी उत्तराखंड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुटी है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता से सीधे संवाद स्थापित करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर और अधिक मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जिम्मेदारी मिलने से उत्तराखंड की आवाज को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया। उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा, “अरविंद केजरीवाल जी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। यह जिम्मेदारी मेरे लिए व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता और पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। मैं पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करती रहूंगी।” इस अवसर पर AAP उत्तराखंड के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उमा गौड़ सिसोदिया को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व एवं अनुभव से प्रदेश में संगठन को और मजबूती मिलेगी।
संवाददाता - प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.