सतपाल महाराज के 75वें जन्मोत्सव पर हरिद्वार में भव्य समारोह
देहरादून :- उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज के 75वें जन्मोत्सव के अवसर पर ऋषिकुल मैदान, हरिद्वार में मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में दो दिवसीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सतपाल महाराज को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके व्यक्तित्व को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज आध्यात्मिक गुरु के साथ-साथ जनप्रतिनिधि के रूप में भी उत्तराखंड के विकास में योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उनके मानव सेवा, आत्मज्ञान और सर्वधर्म समभाव के संदेश का भी उल्लेख किया।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने भी सतपाल महाराज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से वह देश-विदेश में मानव धर्म, सद्भावना और आत्मज्ञान का संदेश पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासक के रूप में भी सतपाल महाराज ने उत्तराखंड के विकास में योगदान दिया है। इस दौरान सतपाल महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सत्संग, सकारात्मक विचार और परमात्मा के नाम का सुमिरन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुषों की वाणी पर अमल करने से मानव जीवन सार्थक हो सकता है। पूर्व कैबिनेट मंत्री माता अमृता ने सतपाल महाराज के जीवन संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा है।
कार्यक्रम में पूजन के साथ बड़ी संख्या में संत-महात्मा और श्रद्धालु मौजूद रहे। इस अवसर पर सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री से चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों और विद्यालयों के विकास के साथ राजकीय डिग्री कॉलेज वेदीवाल में विज्ञान वर्ग में भौतिक विज्ञान एवं गणित के पद सृजित करने का अनुरोध भी किया।
संवाददाता :- प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.