टिहरी के मांगला गांव में मंत्री सुबोध उनियाल के प्रयास से बनेगा हेलीपैड
देहरादून :- टिहरी गढ़वाल के दूरस्थ क्षेत्र मांगला गांव में हेलीपैड निर्माण की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की पहल पर ग्राम मांगला, पट्टी डोवी में हेलीपैड निर्माण के लिए उत्तराखंड शासन ने ₹45.40 लाख की पहली किस्त की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संबंध में शासनादेश 21 सितंबर 2026 को जारी किया गया। मांगला गांव में प्रस्तावित हेलीपैड की कुल अनुमानित लागत ₹75.68 लाख है। शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में परियोजना के लिए प्रथम किस्त के रूप में ₹45,40,800 की धनराशि स्वीकृत की है।
दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी पर जोर
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। हेलीपैड निर्माण से क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के साथ विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा किया जाना जरूरी है। संबंधित विभागों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा में परियोजना को पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
गुणवत्ता और वित्तीय नियमों का पालन जरूरी
शासनादेश में स्वीकृत धनराशि का उपयोग केवल निर्धारित हेलीपैड निर्माण कार्य में करने के निर्देश दिए गए हैं। बिना शासन की पूर्व अनुमति के अतिरिक्त व्यय नहीं किया जा सकेगा। निर्माण कार्य में धनराशि की बचत होने पर नियमानुसार शेष राशि राजकोष में जमा कराई जाएगी। इसके अलावा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच, कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा और वित्तीय नियमों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया गया है। गुणवत्ता में कमी या निर्धारित मानकों के विपरीत कार्य पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी।
संवाददाता :- प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.