अंकिता भंडारी के माता-पिता की गिरफ्तारी के विरोध में AAP का प्रदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री का पुतला दहन

देहरादून : अंकिता भंडारी के माता-पिता की दिल्ली में हुई गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पुतला छीनकर प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया सहित अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि, पुलिस की गिरफ्त से छूटने के बाद आप कार्यकर्ता दोबारा सड़कों पर उतरे और तहसील चौक पर केंद्रीय गृह मंत्री का पुतला दहन किया।

इस मौके पर उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि अंकिता भंडारी उत्तराखंड की बेटी थी और उसके माता-पिता को अपनी बेटी के लिए न्याय मांगने का पूरा अधिकार है। न्याय की मांग कर रहे माता-पिता की गिरफ्तारी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी पीड़ित परिवार को न्याय और सुरक्षा का भरोसा दिलाने की है, न कि उनकी आवाज दबाने की। आम आदमी पार्टी अंकिता भंडारी के परिवार के साथ खड़ी है और न्याय की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।

आप कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग को गंभीरता से नहीं सुना जाता, तब तक पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।


रिपोर्टर : प्रवचन सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.