देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ का नया ठिकाना, सीएम धामी ने किया बाड़े का लोकार्पण
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर में प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार इस प्रकार का सफेद बाघ लाया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के बारे में व्यावहारिक जानकारी मिलेगी। इससे पहले बच्चों के लिए भी निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। उत्तराखंड जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता : प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.