देहरादून में 205वीं रक्षा पेंशन अदालत आयोजित, 241 शिकायतों में से 131 का मौके पर निस्तारण
देहरादून : पूर्व सैनिकों एवं रक्षा पेंशनरों की पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को देहरादून स्थित दून सैनिक इंस्टीट्यूट में 205वीं रक्षा पेंशन समाधान अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन रक्षा लेखा वरिष्ठ महानियंत्रक पदम लाल नेगी ने किया। इस दौरान पेंशन से जुड़ी कुल 241 शिकायतें पंजीकृत की गईं, जिनमें से 131 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
रक्षा मंत्रालय के परामर्श से रक्षा लेखा महानियंत्रक, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन रक्षा लेखा नियंत्रक (पेंशन संवितरण), मेरठ द्वारा किया गया। आयोजन का उद्देश्य देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले पूर्व सैनिकों, रक्षा पेंशनरों और रक्षा विभाग के सिविल कर्मचारियों की पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान करना था। आयोजन में वेटरन सेल उत्तराखंड सब एरिया की ओर से आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
उद्घाटन अवसर पर पदम लाल नेगी ने देश की सुरक्षा और सेवा में योगदान देने वाले सैनिकों तथा उनके परिवारों के त्याग और बलिदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्षा पेंशन अदालत पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की पेंशन संबंधी शिकायतों के समाधान की दिशा में रक्षा लेखा विभाग का महत्वपूर्ण प्रयास है। विभाग का मूल मंत्र 'Right Pension - Right Time' है। इसी उद्देश्य के अनुरूप SPARSH प्रणाली लागू की गई है, जिसके तहत PCDA (P), प्रयागराज द्वारा पेंशन की स्वीकृति एवं संवितरण का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पेंशन अदालत में नियमों और विनियमों के अनुरूप शिकायतों का निस्तारण करने के साथ ही पेंशनरों को उनके अपने शहर में समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त रक्षा लेखा महानियंत्रक वीरेंद्र दीवान, डॉ. भारतेन्दु कुमार सिंह, रक्षा लेखा नियंत्रक (पेंशन संवितरण) मेरठ, ब्रिगेडियर प्रफुल्ल मोहन, सेवानिवृत्त वाइस एडमिरल विनय बढ़वार सहित रक्षा विभाग, सेना, वायुसेना, रिकॉर्ड कार्यालय और जिला सैनिक बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
आयोजन में पूर्व सैनिकों और पेंशनरों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली। देहरादून में पहली बार आयोजित इस रक्षा पेंशन समाधान अदालत में 241 शिकायतों में से 131 का मौके पर निस्तारण किया जाना महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा। आयोजकों ने इसे अपने उद्देश्य में सफल बताया।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.