कांठ बंगला बस्ती के विस्थापन के विरोध में उतरे बस्तीवासी, मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
देहरादून : राजधानी देहरादून की कांठ बंगला बस्ती में प्रस्तावित विस्थापन की कार्रवाई के विरोध में बस्तीवासियों, विपक्षी दलों और विभिन्न जन संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने जबरन विस्थापन की कार्रवाई के खिलाफ मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि प्रशासन राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के आदेशों और नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा (NMCG) की रिपोर्ट का हवाला देकर कांठ बंगला बस्ती को हटाने की कार्रवाई कर रहा है, जबकि संबंधित रिपोर्ट में इस बस्ती और क्षेत्र का उल्लेख नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी दावा किया कि जिन आदेशों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है, वे हटाने के नहीं, बल्कि हटाने पर रोक से संबंधित हैं। कुछ बस्तीवासियों को इस मामले में उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश भी मिला हुआ है।
प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड नगर निकायों और प्राधिकरणों हेतु विशेष प्रावधान अधिनियम, 2018 की धारा 4(3) का हवाला देते हुए कहा कि इसके तहत नौ वर्ष तक दंडात्मक कार्रवाई स्थगित रखने का प्रावधान है। इसके बावजूद MDDA की ओर से नोटिस जारी करना कानूनी प्रावधानों के विपरीत है।
ज्ञापन में कहा गया कि राज्य सरकार पहले भी वर्ष 2016 से पूर्व बसी मलिन बस्तियों को नहीं उजाड़ने का आश्वासन दे चुकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी 17 जनवरी 2025 को इस संबंध में बयान दिया था। इसके बावजूद विस्थापन की कार्रवाई आगे बढ़ाए जाने से बस्ती के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
पुनर्वास के लिए प्रस्तावित फ्लैटों की सुरक्षा और गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि ये फ्लैट लंबे समय से अधूरे पड़े हैं और नदी के बीच स्थित होने के कारण बाढ़ के दौरान इनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंकाएं हैं। ऐसे में विस्थापन से पहले भवनों की संरचनात्मक मजबूती और बाढ़ सुरक्षा की जांच कराई जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल को सालावाला पुल के पास पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री आवास पहुंचा, जहां अपर सचिव पन्नालाल शुक्ला और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की। अपर सचिव ने संबंधित विभागों से इस मामले में राय लेकर जनहित में उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन के माध्यम से कांठ बंगला बस्ती में MDDA की ओर से की जा रही विस्थापन प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने और प्रदेशभर में वर्ष 2016 के मलिन बस्ती अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग की गई।
ये लोग रहे मौजूद
प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय शर्मा, प्रवीण त्यागी एवं धीमान, समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव अतुल शर्मा, चेतना आंदोलन के शंकर गोपाल, शैलेश गुप्ता और रमन सहित बस्ती निवासी राम सिंह, मान सिंह, मुन्नी देवी, मंजू देवी समेत अन्य लोग शामिल रहे।
ज्ञापन दून समग्र विकास अभियान की ओर से सौंपा गया।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.