पीपलरावाँ पानी के संकट से हाहाकार, कांग्रेस ने मोर्चा खोल नगर परिषद को सौंपा ज्ञापन
देवास : पीपलरावाँ नगर परिषद क्षेत्र में पेयजल की विकराल समस्या ने आम नागरिकों का जीना मुहाल कर दिया है। शहर के वार्डों में नल सप्लाई की स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि निवासियों को 8 से 10 दिन के लंबे अंतराल के बाद पानी मिल पा रहा है। इस अव्यवस्था को लेकर जनता में भारी आक्रोश है, जिसके बाद अब नगर कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी और प्रदर्शन
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाहिद मंसूरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय पहुँचकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मूलभूत सुविधाओं के लिए भी जनता को तरसना पड़ रहा है।
ज्ञापन में दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगर पंचायत प्रशासन को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि पेयजल सप्लाई के अंतराल को कम कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले कुछ दिनों में समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी जनहित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान पूर्व पार्षद प्रतिनिधि नौसाद भाई, छगन गुप्ता, रविन्द्र नाहर, पार्षद प्रतिनिधि बबलू हाडा, कमल पटेल, संजय त्रिवेदी, भारत सिंह सिसोदिया, शाहरुख दस्तक, आदिल मंसूरी, सोनू पठान, जुबेर कुरेशी, जुबेर पठान, मेहरुद्दीन मौलाना, जगदीश सिंदल और कालूराम मालवीय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
"दो से तीन दिन में सुधरेगी व्यवस्था"
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) समंदर सिंह चौहान ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया है कि विभाग तकनीकी खामियों को दूर कर रहा है और अगले से तीन दिनों के भीतर पानी की सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
अब क्षेत्र की जनता की नजरें प्रशासन के इस वादे पर टिकी हैं कि क्या सचमुच दो दिनों में उनकी प्यास बुझेगी या उन्हें फिर से सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
रिपोर्टर : साजिद पठान

No Previous Comments found.